😇चकरघिन्नी डॉट कॉम😇
✍️खान अशु
दुनिया के मकबूल शायर डॉ राहत इंदौरी… अपने जीवनकाल के आखिरी वक्त में खुद के लिए अपने शहर, अपने लोगों, अपने चाहने वालों की दीवानगी देखने वाले खुशनसीब रहे…! इंदौर के अभय प्रशाल में हुए जश्न ए राहत ने उनकी आंखों को खूब भिगोया था… अपनों के प्यार को देखकर भीगी आंखों को देखकर मशहूर शायर जावेद अख्तर के मुंह से निकला था, कोई शहर अपने शायर के लिए इतना दीवाना हो सकता है, ये देखना बेहद सुखद और अविस्मरणीय लग रहा है…!
राहत की मौजूदगी के उस जश्न ए राहत का दूसरा संस्करण इस 17 फरवरी को फिर दिखाई देने वाला है…! यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम इसका साक्षी बनने को तैयार है…! तैयार राहत के चाहतमंदों का शहर भी है, जिसने प्रोग्राम के पहले अपनी छाती पर दर्जनों फीट की लंबाई चौड़ाई वाले होर्डिंग्स सजा रखे हैं…! चौराहा दर चौराहा लोगों को दावत दे रहे जश्न ए राहत के इन पोस्टरों का विधिवत विमोचन किया जाना भी मुशायरों की महफिल का नया सूत्रपात कहा जाने वाला है…! दुनियाभर में अपने फन ओ कलाम की पताका ऊंचा रखने वाले कद्दावर शायर इस महफिल ए खास को बुलंदियां देने वाले हैं…! बसंती बयार में खिलने वाले गजलों के ये फूल साहित्यिक सांस्कृतिक समाज में कुछ नया कीर्तिमान स्थापित करने वाले हैं, इसका एतमाद किया जाना चाहिए…!
ग़ज़ल के शहंशाह माने जाने वाले असद उल्लाह खां मिर्ज़ा ग़ालिब की 155वी पुण्यतिथि भी कुछ यादगार लम्हें लेकर आने वाली है…! राजधानी भोपाल में एक खास महफिल इस 15 फरवरी में सजने वाली है…! ग़ालिब, ग़ज़ल और महफिल के शौकीनों को ये लम्हे कुछ सुकून के पल ज़रूर देकर जाने वाली है…!
बसंती मौसम के तीन दिन उर्दू जुबान को सहेजने वालों के लिए भी खास बनने वाले हैं…! मप्र उर्दू अकादमी इन तीन दिनों को जश्न में तब्दील करने जा रही है…! जश्न उर्दू का होगा, जश्न जुबां के तहफ्फुज का है, जश्न बात, कलाम और बेरंग होती कलाओं को सहेजने का है…! उर्दू अकादमी के इस बहुआयामी जश्न से निश्चित ही उर्दू चाहतमंदों को पुर सुकून लम्हे मिलेंगे, उम्मीद की जा सकती है…!
पुछल्ला
कुबरी के गणेश
राजधानी का रंगमंच भी अपनी ऊंचाइयों को कायम रखने के प्रयासों की कदमताल कर रहा है। आने वाले दिनों में संस्था रंग मोहल्ला सोसायटी कुबरी गणेश, दारा शिकोह और कुछ बहु संदेशीय शो के साथ हाज़िर होने वाला है। मरहूम प्रदीप अहिरवार के अधूरे ख्वाब को पूरा करने की कोशिश अदनान, सुरेंद्र वानखेड़े, मिथुन, विशाल और उनकी टीम तत्पर है।

