अमित सेन
8085661177
भोपाल। बीते मंगलवार को जनसुनवाई में ग्राम पनिया के अनेक ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से भेंट करने पहुंचे थे। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता लेते हुए कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और भोपाल जिला पंचायत सीईओ ऋतुराज ने बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा को तत्काल ग्राम पनिया में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के निर्देश जारी किए। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु गुरुवार को जमूसर कला ग्राम पंचायत के ग्राम पनिया में ब्लाक स्तरीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में एसडीएम बैरसिया आशुतोष शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैरसिया दिलीप कुमार जैन, तहसीलदार बैरसिया करुणा दंडोतिया सहित सभी विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने वन भूमि पर स्थित ग्राम को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने, ग्राम में पेयजल की समस्या होने, ग्राम के शमशान घाट में टीन शेड न होने, इमरजेंसी होने पर ग्राम की माता एवं बहनों की सुरक्षा के लिए जननी सुरक्षा वाहन के ग्राम में ना पहुंच पाने एवं ग्राम में मुख्य मार्ग से ग्राम तक डामर रोड निर्माण तथा गांव के अंदर ही सीसी रोड के निर्माण की मुख्य मांगे रखी गई। कलेक्टर के आदेश पर पीएचई विभाग की एसडीओ सुश्री अपराजिता पांडे द्वारा तत्काल बोरिंग मशीन बुलवाई गई एवं गांव में पेयजल की समस्या के निवारण हेतु बोर खनन का काम तत्काल शुरू कराया गया। उक्त कार्य पीएचई विभाग के द्वारा कल ही प्रारंभ कर दिया गया था परंतु एक बोर के असफल होने के बाद दूसरा बोर तत्काल खनन करने का कार्य शुरू कराया गया ताकि ग्रामीणों की पेय जल की समस्या का त्वरित निराकरण हो सके। वहीं जनपद पंचायत बैरसिया के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा ग्राम पनिया के शमशान घाट में टीन शेड निर्माण की स्वीकृति तथा शीघ्र निर्माण की घोषणा की गई। इसी प्रकार गांव में निवासरत महिलाओं के स्वास्थ की चिंता करते हुए बैरसिया एसडीएम आशुतोष शर्मा ने वहां उपस्थित खंड चिकित्सा अधिकारी को तत्काल निर्देशित किया गया कि आवश्यकता पड़ने पर गांव में तत्काल जननी सुरक्षा का वाहन भेजा जाए ताकि ग्रामीण जनों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त हो सके। शिविर में ग्रामीण जनों द्वारा आंगनवाड़ी खोले जाने की मांग पर बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रियंका दीवान द्वारा बताया गया कि उक्त संबंध में प्रस्ताव पूर्व में प्रेषित किया जा चुका है एवं पुनः एक बार शासन को प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।