जल संकट व बिजली आपूर्ति जैसे मुख्य बिंदुओं पर चर्चा हुई
जीतेन्द्र सेन
बैरसिया:-एक ओर भारत में जल संकट लगातार गहराता जा रहा है। कई राज्य भू जल की कमी के चरम बिंदु को पार कर चुके हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक पूरे भारत में गंभीर रूप से भूजल संकट गहरा सकता है। इसीको ध्यान में रखते हुए जनपद पंचायत बैरसिया के सभागार में साधारण सभा की बैठक में बैरसिया के सभी क्षेत्रों से उपस्थित सभी सदस्यों ने आने वाले ग्रीष्म काल में पेयजल आपूर्ति के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। और संपूर्ण क्षेत्र में जल संकट न हो इस पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु नये हैण्डपंपों का खनन पुराने हैण्डपंपों का संधारण पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग एवं पेयजल गुणवत्ता प्रभावित ग्रामों में वैकल्पिक शुद्ध पेयजल स्रोत निर्मित कर योजनाओं का सर्वेक्षण, रूपांकन एवं क्रियान्वयन करने के लिए निर्देशित किया गया। जहाँ नल-जल योजनाओं को मूर्त रूप नहीं दे पाये उन ग्रामों में कार्य की गति बढ़ाकर गर्मी में पैदा होने वाले जल संकट को टाला जा सकता है। जल संकट से किसानों के कृषि संबंधी कार्यों के पूरा न होने का खतरा पैदा हो जाता है।
चूकि विद्युत आपूर्ति के बिना जल स्रोत अस्तित्व हीन हैं इसलिए मध्य क्षेत्र विद्युत कंपनी के अधिकारियों को भी खराब पड़े ट्रांसफार्मर बदलने व नये स्थापित करने के निर्देश दिए गए।साथ ही सभी विभागों के कार्यों को समय पर निपटाने के निर्देश दिए गए। बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष,जनपद पंचायत सीईओ के अतिरिक्त जनपद पंचायत सदस्य व खंड स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।

